धरना स्थल के समीप ही करीब 50 बीघा जमीन पर टेंट लगाया गया है। ट्रॉलियों से मंच तैयार किया गया है। धरना स्थल पर ही किसानों के लिए भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। महापंचायत में मुख्य अतिथि राकेश टिकैत हैं। महापंचायत में सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्राॅलियों से पहुंचे हैं। बाबरी थानाध्यक्ष वीरेंद्र कसाना ने भी पंचायत स्थल का निरीक्षण किया।
हाईवे निर्माण में करें सहयोग: डीएम
डीएम जसजीत कौर ने बयान जारी करते हुए कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए अधिग्रहीत भूमि का 389 करोड़ में से 345 करोड़ का मुआवजा किसानों को वितरित किया जा चुका है। किसानों की सहमति के आधार पर करीब 90 प्रतिशत भूमि पर कब्जा हाईवे निर्माण के लिए लिया जा चुका है। यह कब्जा 22 गांवों में लेना था। 21 गांवों में काम पूरा हो चुका है। डीएम ने धरने पर बैठे किसानों से अपील की कि प्रशासनिक स्तर पर किसानों की जो समस्याएं हैं, उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। इसलिए हाईवे निर्माण में सभी सहयोग करें।