- पांच हजार से अधिक किसानों के पहुंचने का दावा, राकेश टिकैत होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से कल मंगलवार को कमिश्नरी के सामने स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में महापंचायत की जाएगी। किसानों की ओर से कमिश्नरी का घेराव कर किसानों की समस्याओं को उठाया जाएगा। इसमें भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे और किसानों की समस्याओं को उठाएंगे। पंचायत में पांच हजार से अधिक ट्रैक्टरों पर सवार होकर किसान कमिश्नरी पहुंचने का दावा किया गया है।
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि पंचायत में भारी संख्या में किसान पहुंचेंगे। पंचायत में भोजन-पेयजल आदि की व्यवस्था होगी। इसे लेकर लंगर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इसे लेकर किसान परेशान है। अब संगठन की ओर से जेल भरो आंदोलन की तैयारी की जा रही है। बीते कई माह से प्रशासन की ओर से समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। सभी मुद्दों को महापंचायत में उठाया जाएगा।
अनुराग ने बताया कि अगर अब भी समाधान नहीं होता है तो जेल भरो आंदोलन चलेगा। महापंचायत की तैयारी को लेकर रविवार को भी संगठन की ओर से कई गांवों में बैठक की गई और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में पहुंचने का आह्वान किया गया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि पंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे और किसानों की समस्याओं को उठाएंगे। पंचायत को तैयारी को भोला में हुई बैठक में हर्ष चहल, सुरेंद्र, रामफल शर्मा, सत्येंद्र, मोनू टिकरी, प्रतीक, पवन, धीरज, रविंद्र, बबलू, हरेंद्र, नरेंद्र आदि मौजूद रहे ।
-