मवाना। गांव भैंसा में टूटे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से मारे गए पिता-पुत्र की आरिष्टी में रविवार को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के पुत्र भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। वहीं, शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद एवं बेटी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर 16 अगस्त को एमडी का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बीते सोमवार को गांव भैंसा निवासी रघुनंदन तथा उनका पुत्र अंकुर खेत से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान इनके ऊपर करंट प्रवाहित हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे पिता एवं पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेरठ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में मृतक के परिजन राजेश शर्मा की ओर से एक्सईएन, एसडीओ तथा जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आज गांव में पिता-पुत्र दोनों की आरिष्टी हुई। जिसमें क्षेत्र के गण्यमान्य लोग शामिल हुए तथा गमगीन माहौल में श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत के पुत्र गौरव टिकैत ने भी शोक सभा में पहुंचकर श्रद्धांजलि दी तथा परिजनों को सांत्वना दी। शोक सभा के बाद स्थानीय भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा एक पुत्री को नौकरी देने की मांग को लेकर 16 अगस्त को विद्युत निगम के एमडी को घेरा जाएगा। यहां गजेंद्र सिंह, विलियम चौधरी, संजय दौरालिया, नरेश चौधरी, शौसिंह प्रधान, मूलचंद शर्मा, जगपाल सिंह, रतन सिंह, मनोज शर्मा, धीरज पहाड़पुरिया, उमेश पंडित आदि काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।