सहारनपुर। 14 साल पुराने मामले में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत शुक्रवार को जमानत के लिए एमपीएमएलए कोर्ट में पेश होंगे। इस मामले 31 लोगों पर बिना अनुमति महापंचायत करने और अंबाला हाईवे पर जाम लगाने का आरोप है। भाकियू के पदाधिकारियों ने जमानत के दस्तावेज तैयार करा लिए हैं।
एमपीएमएलए कोर्ट ने भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत के वारंट जारी किए थे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को आदेश दिए थे कि नरेश टिकैत को गिरफ्तार कर 24 मई को अदालत में पेश करें। इस मामले में कांग्रेस नेता इमरान मसूद भी नामजद हैं। हालांकि वह जमानत ले चुके हैं। बुधवार को हकीकतनगर निवासी अधिवक्ता प्रवेश गुर्जर ने भी अदालत में पेश होकर जमानत ले ली थी। बृहस्पतिवार को अदालत में पेश होकर सुरेशपाल निवासी सरसावा ने भी जमानत ली है।
भाकियू के राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत जमानत के लिए न्यायालय जाएंगे। तमाम कानूनी प्रक्रिया का पालन जाएगा। लाखनौर गांव के दो जमानती और दो अन्य कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ रहेंगे।
- यह है मामला
वर्ष 2010 में सरकार की ओर से किसानों को जमीन दी गई थी। आरोप था कि एक खेत से जबरन किसान के पेड़ काटकर भूमि दी। तब, मुजफ्फराबाद विधायक इमरान मसूद, भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों सहित भीड़ ने अंबाला हाईवे जाम कर दिया था।
- ये हैं नामजद, चार का हो चुका निधन
पुलिस ने नरेश टिकैत, इमरान मसूद, वीरेंद्र, राज सिंह, राजकुमार, सुशील चौधरी, मुकेश चौधरी, ओमी पंवार, वीरेंद्र शास्त्री, सलमान मसूद, अब्दुल वाहिद, प्रदीप, राजपाल, वीरेंद्र सिंह, प्रवेश गुर्जर, प्रीतम सिंह, जसंवत, मेला राम पंवार, पप्पू, वीरेंद्र, चरण सिंह, अशोक, बलजीत सिंह और अशोक चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इनमें से बलजीत, चरण सिंह, रजनीश का निधन हो चुका है।
- अदालत के फैसले करेंगे सम्मान : टिकैत
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने जारी किए बयान में कहा कि शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत सहारनपुर में अदालत में पेश होंगे। हम अदालत का सम्मान करते हैं। अदालत का जो भी फैसला होगा, उसको हम मानेंगे।
- वर्जन : सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अदालत परिसर में फोर्स तैनात रहेगी। खुफिया विभाग भी सतर्क रहेगा। -डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी