बैंक पर जबरन बीमा कराने समेत कई आरोप लगाते हुए एसडीएम को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने गांव गणेशपुर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा पर किसानों एवं गरीब ग्राहकों के उत्पीड़न आदि के आरोप लगाते हुए तहसील पर प्रदर्शन किया। उन्होंने वित्त मंत्री भारत सरकार के नाम एसडीएम को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की।
भाकियू भानू गुट के प्रदेश अध्यक्ष (युवा) पश्चिमी उत्तर प्रदेश अमित त्यागी गणेशपुर के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए बैंक शाखा को लेकर कई आरोप लगाए। इस संबंध में वित्त मंत्री के नाम उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बैंक शाखा में किसानों पर अनावश्यक बीमा कराने का दबाव बनाया जाता है, आम ग्राहकों के कार्यों को स्टाफ की कमी का हवाला देकर टाल दिया जाता है। बैंक परिसर में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बैंक में भ्रष्टाचार सहित कई आरोप लगाते हुए शाखा प्रबंधक का तत्काल स्थानांतरण करने के आदेश दिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित किसानों ने बैंक का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने की तैयारी कर ली थी, लेकिन उपजिलाधिकारी के समझाने और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन के बाद पुतला दहन नहीं किया गया। इस अवसर पर पुनीत त्यागी, अंकित गुर्जर, प्रिंस, शानू, अरुण, रवींद्र, सचिन, अजय, प्रदीप, विकास, कालू सिंह आदि उपस्थित रहे।
लोन देने का दबाव बनाते हैं : बैंक प्रबंधक
मवाना। पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा गणेशपुर के शाखा प्रबंधक का कहना है कि किसी पर बीमा कराने के लिए दबाव नहीं बनाया जाता है, जो ग्राहक बैंक में आते हैं उनको समझाकर जानकारी दी जाती है। उनकी यदि मर्जी होती है तो बीमा कराते हैं। खराब व्यवहार और अन्य आरोपों के संबंध में उनका कहना है कि सभी निराधार और बेबुनियाद हैं, जो उन पर आरोप लगाते हैं, वह ऋण देने के लिए दबाव बनाते हैं।