थाने में धरना देते भाकियू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता। (मवाना)
मवाना। भाकियू एनसीआर के कार्यकर्ताओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली से मेरठ प्रदर्शन में जाने से रोके जाने पर हंगामा हो गया। शाम को लौटते समय आक्रोशित कार्यकर्ता कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मवाना थाने पहुंचे और परिसर के भीतर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में क्षेत्राधिकारी के फोन पर वार्ता के बाद मामला शांत हुआ और कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। भाकियू एनसीआर के महासचिव नरेश चौधरी ने बताया कि मंगलवार को मेरठ में जिलाधिकारी के घेराव का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था, जिसमें वह स्वयं शामिल होने गए थे। रानी नंगला गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुछ कार्यकर्ता मेरठ जा रहे थे। उन्हें थाना प्रभारी ने बीच में ही रोक लिया था। हंगामे की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने धरना दे रहे नरेश चौधरी व अन्य लोगों से से फोन पर बातचीत की। उनके समझाने पर किसान शांत हुए। धरना देने वालों में अनूप यादव, कपिल, टीपू, मनीष त्यागी सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद