जानीखुर्द। जानी खुर्द में प्रेसवार्ता करते भाजपा नेता फोटो संवाद
जानीखुर्द। भाजपा द्वारा महिला सशक्तीकरण और राजनीति में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन जाएगा। यह बात भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह ने शुक्रवार को जानी में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने बताया कि जानी खुर्द के बागपत मार्ग स्थित ग्रीन लीफ रिसोर्ट में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न 4:00 बजे होगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य एवं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी होंगे। कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी मानसिंह गोस्वामी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल व महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू शेट्टी भी मौजूद रहेगी। भाजपा नेता मनिंदर पाल सिंह ने बताया कि समारोह में उन बेटियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित किए हैं।