मेरठ। लोकसभा चुनाव में पिछली बार के प्रदर्शन को न दोहरा पाने का भाजपा को मलाल है। इसी टीस को उल्लास में बदलने के लिए पार्टी हाईकमान ने गन्ना विकास समिति चुनाव में बेहद मजबूती से ताल ठोक रखी है। इसी के साथ गांव-देहात में खेतों की पगडंडी के जरिए सियासी फसल को हरा-भरा करने की कोशिश की जा रही है। इसके तहत पार्टी ने पुराने और भरोसेमंद लोगों को जिम्मा दे दिया है। गौरतलब है कि अपने हमकदम रालोद को गन्ना विकास समितियों के चुनाव में भाजपा ने दूर रखा।
सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड के चुनाव बृहस्पतिवार को संपन्न हो गए। जनपद की सभी गन्ना विकास समितियों पर भाजपा प्रत्याशियों ने चेयरमैन पद पर निर्विरोध परचम लहरा दिया। पहली बार गन्ना राजनीति पर भाजपा काबिज हुई है। 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड की प्रबंध कमेटी चुनाव की घोषणा करते हुए चुनाव कार्यक्रम जारी किया था। गत 23 सितंबर से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी। पहले डेलीगेट और उसके बाद डायरेक्टर पदों के चुनाव संपन्न होने के बाद बृहस्पतिवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के लिए चुनाव था।
इसमें जनपद की सभी छह गन्ना विकास समितियों मवाना, दौराला, मलियाना, मोहिउद्दीनपुर, सकौती और मेरठ में भाजपा के चेयरमैन बने हैं। किसी भी समिति में चुनाव कराने की नौबत नहीं आई। सभी सभापति और उपसभापति निर्विरोध चुने गए। मेरठ में वीरेंद्र सिंह, सकौती में बबीता सोम, दौराला में भूपेंद्र सिंह, मवाना में विनोद भाटी, मोहिउद्दीनपुर में दीपक राणा, मलियाना में अंजेय और चेयरमैन चुने गए।
मलियाना समिति से अजयवीर सिंह नोमिनेट डायरेक्टर बने
मोदीपुरम। गन्ना समिति चुनाव के आखिरी दिन प्रदेश सरकार द्वारा नामित डायरेक्टरों की सूची शासन द्वारा भेजी गई। इसमें सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना से अजयवीर सिंह को नोमिनेट डायरेक्टर बनाया गया है। दौराला ब्लाक के गांव मीठेपुर निवासी अजयवीर सिंह शुरुआत से आरएसएस जुड़े रहे। पार्टी से जुड़ा होने के चलते उनके प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना से नोमिनेट डायरेक्टर (शासकीय संचालक) बनाया गया है। पार्टी से जुड़े होने का उन्हे इनाम मिला है। उनके बनने पर उर्जा राज्यमंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर, महिला आयोग सदस्य डॉ मीनाक्षी भराला, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विमल शर्मा, श्रम कल्याण परिषद पूर्व अध्यक्ष पंडित सुनील भराला, पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह, सतेंद्र भराला, अंकुर मुखिया, समीर चौहान, हरीश चौधरी, चेयरमैन बिजेंद्र प्रमुख, योगेंद्र सिंह चेयरमैन, डायरेक्टर मदनपाल सिंह आदि ने बधाई दी।