मुजफ्फरनगर। भाजपा-रालोद गठबंधन के नेताओं ने मीरापुर उपचुनाव की तिथि बदले जाने की मांग चुनाव आयोग से की थी। शुकतीर्थ में कार्तिक गंगा स्नान मेले का हवाला देते हुए कहा था कि 13 नवंबर को मतदान का प्रतिशत कम होने की संभावना रहेगी।
मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के शुकतीर्थ और रामराज में 11 नवंबर से गंगा स्नान मेला शुरू हो जाएगा। पहले मतदान की तिथि 13 नवंबर घोषित की गई थी। मुख्य स्नान 15 नवंबर को होगा। भाजपा-रालोद गठबंधन के अलग-अलग नेताओं की ओर से चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र में तर्क दिया गया था कि गंगा स्नान मेले में तीन दिन पहले ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो जाता है। ऐसे में अगर 13 नवंबर को मतदान हुआ तो मीरापुर में मतदान प्रतिशत गिरेगा। हजारों लोग मतदान से भी वंचित रह जाएंगे। साथ ही कहा गया था कि कार्तिक स्नान मेले में दूसरे जिलों से भी लोग आते हैं। ऐसे में आचार संहिता का उल्लंघन भी होने की संभावना है। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने चुनाव आयोग को पत्र भेजा था। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कार्तिक स्नान से मतदान प्रतिशत कम होने का अंदेशा जताया था। चुनाव आयोग ने सोमवार को मीरापुर में मतदान की तिथि 13 के बजाए 20 नवंबर कर दी है। घोषणा के बाद से भाजपा और रालोद नेताओं ने खुशी जताई।