हमले के बाद भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ में किठौर के भाजपा विधायक सत्यवीर सिंह ने रविवार शाम हुए हमले के पीछे हथियार तस्करों का हाथ होने की आशंका जाहिर की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अपराधियों के खिलाफ विधानसभा में आवाज उठाने की वजह से ही कुछ लोग उनके पीछे पडे़ हैं।
विधायक ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अपराधों का बोलबाला है। यहां घरों में मौत का सामान बनता है। रार्धना तो अवैध हथियारों की मंडी है। यहां के हथियार दूर-दूर तक सप्लाई होते हैं। उन्होंने विधायक बनने के बाद विधानसभा में ये मुद्दा उठाया तो पुलिस ने सख्ती की। हथियार बनाने वालों की धरपकड़ हुई। कई लोगों को पकड़ा गया। हथियार भी बरामद हुए। विधायक के अनुसार प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के दो दिन बाद वह एक भगवती जागरण में गए थे। वहां भी कुछ लोगों ने अंडे फेंके थे। उनके साथ अभद्रता की थी। बाद में पुलिस ने पहुंचकर मामला संभाला था।
‘मैं डरने वाला नहीं हूं’
विधायक ने अंदेशा जताया कि क्षेत्र के अपराधियों के खिलाफ उनका आवाज उठाना कुछ लोगों को बर्दाश्त नहीं है। उनका लाखों का धंधा चौपट हो रहा है। हो सकता है कि ऐसे लोगों ने ही उन्हें डराने के लिए ये सब कराया हो लेकिन वह डरने वाले नहीं है। अपराधियों के खिलाफ वह आवाज उठाते रहेंगे।
अंधेरे की वजह से नहीं देख सके हमलावरों को
विधायक के अनुसार उन पर फायर करने वाले बाइक सवारों को वे अंधेरे की वजह से नहीं देख सके। लेकिन उन्हें पता था कि वह कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद लौटेंगे। संभवत: वह आसपास के ही गांव से आए होंगे या उनका पीछा कर रहे होंगे। आशंका है कि घटना पूर्व प्लानिंग से हुई। हो सकता है कि उन्हें डराने के लिए ही ऐसा किया गया हो ताकि वह अपराधियों के खिलाफ आवाज न उठा सकें।
पढ़ें : भाजपा विधायक पर फायरिंग, हत्या की साजिश की आशंका
घटना को गंभीरता से ले पुलिस : सांसद
जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी के गढ़ रोड प्रेम प्रयाग कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तारी करे।
किठौर विधायक पर फायरिंग की सूचना पाकर शहर के तमाम भाजपा नेताओं के अलावा किठौर, माछरा, आदि गांवों से भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण विधायक के आवास पर पहुंच गए थे। इस दौरान सांसद के अलावा भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने वहां पहुंचे सीओ किठौर को इस घटना पर गंभीरता बरतने को कहा। वहीं, इंटेलीजेंस के अलावा सीओ एलआईयू ने भी किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली।
सुरक्षा कर्मियों पर भी उठे सवाल
मेरठ। विधायक पर हमले के बाद उनके सुरक्षा कर्मियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि जब विधायक लघु शंका के लिए गए थे तो गनर गाड़ी में क्यों बैठे रहे? वह गाड़ी से उतरकर सड़क पर खडे़ हो सकते थे? ऐसे में बाइक सवार कौन थे? उनकी बाइक कैसी थी, उनके नंबर क्या थे, ये पता चल सकता था। यही वजह रही कि हमलावर बाइक सवार युवकों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि विधायक अपने गनर की कोई गलती नहीं मान रहे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/