मेरठ। मेरठ में बनने वाली अटल बिहारी वाजपेयी शताब्दी इंटीग्रेटेड टाउनशिप को सम्मानजनक पहचान दिलाने के लिए भाजपा के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने बुधवार को मेडा उपाध्यक्ष से मिलकर मांग की है। इसके साथ टाउनशिप में अटल स्मारक बनाने, विशाल प्रतिमा लगाने और ऑडिटोरियम बनवाने का भी अनुरोध किया है।
भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने बुधवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से मिलकर उन्हें पत्र दिया। इसमें न्यू टाउनशिप का नाम अटल बिहारी वाजपेयी शताब्दी इंटीग्रेटेड टाउनशिप के नाम से यथावत रखने एवं इससे जुड़े समस्त कार्यों, पत्राचार आदि में इसी नाम का प्रयोग करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 4 अगस्त 2025 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मेरठ के मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप का नाम अटल बिहारी वाजपेयी शताब्दी इंटीग्रेटेड टाउनशिप घोषित किया गया था। इस ऐतिहासिक घोषणा को ध्यान रखते हुए उन्होंने आग्रह किया कि इस नाम से सारी प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही विवेक रस्तोगी ने अनुरोध किया कि इस टाउनशिप में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा एवं स्मारक स्थापित किए जाएं तथा एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण हेतु भूमि आवंटित की जाए। ऐसा होने पर आने वाली पीढ़ियां अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों, विचारों एवं राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा ले सकेंगी।