-रैली में शामिल होंगे एक लाख से अधिक लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। इस रैली में भाजपा नेताओं को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। रैली में भीड़ जुटाकर भाजपा नेता शक्ति प्रदर्शन करेंगे, जो उनके संगठन में शामिल होने में सहायक होगा। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने सोमवार को हरमन सिटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, मनिंदर पाल सिंह, समीर चौहान के साथ बैठक में रैली में व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई।
भाजपा नेताओं ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कमलदत्त शर्मा, समेत अन्य नेताओं ने जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय के साथ कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण किया।
संगठन में शामिल होने की दावेदारी
भाजपा संगठन विस्तार के समय प्रधानमंत्री की रैली पार्टी नेताओं के लिए वरदान बनकर आई है। ऐसे में रैली में भीड़ जुटाकर भाजपा नेता अपनी कर्मठता साबित करने की तैयारी में है, जिससे उन्हें जिला व महानगर कार्यकारिणी विस्तार में जगह मिल सकें। इसके साथ ही विभिन्न आयोगों, बोर्डों और समितियों में शामिल होने की दावेदारी भी करेंगे।