संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सकौती के पास हाईवे पर मंगलवार को भाजपा नेता एवं श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुनील भराला की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। एक कार की साइड लगने से उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि वाहन दूसरी लेन में नहीं पहुंचा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि सुनील भराला के बेटे रजत भारद्वाज को मामूली चोट आई। अन्य सभी सुरक्षित रहे।
सुनील भराला ने बताया कि वह मंडौरा गांव में भाजपा नेता अंकुर मुखिया की ताई के निधन पर परिवार को सांत्वना देने गए थे। वहां से अपने गांव भराला लौटने के दौरान मेरठ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी में साइड मार दी। चालक ने वाहन संभालने का प्रयास किया, लेकिन कार डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर मारने वाली कार का चालक मौके से भाग निकला। घटना के समय कार में नमन भारद्वाज, महेंद्र कौशिक और सुरक्षाकर्मी भी सवार थे, जिन्हें कोई चोट नहीं आई।
मंगलवार को सुनील भराला के भाई डॉ. राजीव भारद्वाज ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दौराला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्राधिकारी दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार वाहन और चालक की तलाश की जाएगी।