लावड़। नगर पंचायत की भूमि पर कब्जा कर कॉलोनी काट रहे कॉलोनाइजर की शिकायत भाजपा नेता ने जिलाधिकारी से शिकायत की। जिलाधिकारी ने तत्काल तहसील टीम को भेजकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडलाध्यक्ष मोहन सैनी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर सरकारी जमीन पर कब्जा करने और कॉलोनी काटकर बेचने का राजफाश किया था। इसी बीच कहा कि कस्बे की कई कॉलोनियों में सरकारी जमीन पर कब्जा कर कॉलोनी काटी जा रही है। इसके बाद जिलाधिकारी से भी मामले की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तत्काल सरधना तहसील टीम को पैमाइश कर कब्जा मुक्त कराने के आदेश जारी किए। इसके बाद सरधना तहसील से नायब तहसीलदार राहुल सिंह और लेखपाल और कानूनगो की टीम पहुंची और पैमाइश की। पैमाइश के दौरान अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार शर्मा भी पहुंचे और नगर पंचायत की जमीन कब्जाने वालों को चेतावनी दी। नगर पंचायत की भूमि पर कब्जा पाया गया और टीम ने अधिशासी अधिकारी से जमीन कब्जा मुक्त कर बाउंड्री कराने को कहा। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से निशानदेही कर कब्जा मुक्त करा दी गई है। अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि जल्द ही भूमि की चहारदीवारी कराई जाएगी।