प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा संगठन भी इन दोनों चुनावों की तैयारी और प्रचार को एक साथ अंजाम दे रहा है। महानगर संगठन के पदाधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में उतारकर पार्टी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
पंचायत चुनाव के लिए वोटर लिस्ट अपडेट करने का कार्य अंतिम चरण में है। भाजपा के जिला ईकाइयां ग्रामीण क्षेत्रों में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण में जुटी हैं। महानगर संगठन के पदाधिकारी नियमित बैठकें कर कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट बनाने और अपडेट करने में मार्गदर्शन दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सम्राट मिहिर भोज विवाद: मेरठ में गुर्जर महापंचायत रोकने पर पथराव, पुलिस पर हमला, 22 लोग जेल भेजे
शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा के श्रीचंद शर्मा निजी स्कूलों और कॉलेजों में जाकर शिक्षकों को वोटर बनाने के फार्म वितरित कर रहे हैं। इसी प्रकार, उनकी टीमें फार्म इकट्ठा कर जमा करवाने का कार्य भी कर रही हैं। स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए दिनेश गोयल की टीम शहर और गांवों में स्नातक वोटरों के पंजीकरण में लगी हुई है।
भाजपा द्वारा एमएलसी और पंचायत चुनाव को लेकर संयुक्त तैयारी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मेरठ में कंकरखेड़ा क्षेत्र में ऐसी बैठक आयोजित हो चुकी है। बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति तय की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे सेवा पखवाड़े के समापन के बाद एमएलसी और पंचायत चुनाव का प्रचार अभियान और तेज किया जाएगा।