- शिक्षा और किसान हितों पर हुई चर्चा,
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं शालिगराम शर्मा स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष रहे दिवंगत ओमप्रकाश त्यागी की जन्मशताब्दी के अवसर पर रासना इंटर कॉलेज में बुधवार को समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा और रालोद के नेताओं सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और क्षेत्र के लोगों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि प्रदेश के एमएसएमई मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य भूपेंद्र चौधरी रहे। अध्यक्षता रालोद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद केसी त्यागी ने की। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान मुख्य वक्ता रहे। विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार का दर्जा प्राप्त) डॉ. भूपेंद्र तोमर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन संस्था के मंत्री प्रदीप त्यागी ने किया।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान केवल पद से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए कार्यों से होती है। उन्होंने कहा कि दिवंगत ओमप्रकाश त्यागी ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसके कारण आज भी उन्हें सम्मानपूर्वक याद किया जाता है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान, युवा और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। केसी त्यागी ने कहा कि रालोद और भाजपा का गठबंधन विकास और किसान हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा खेलों और किसानों के लिए किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की।
डॉ. संजीव बालियान ने किसानों से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि सरकार कृषि और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने एथेनॉल उत्पादन को किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया और मनिंदर पाल सिंह ने भी दिवंगत ओमप्रकाश त्यागी के सामाजिक, शैक्षिक और जनसेवा के योगदान को याद किया। संस्था के मंत्री प्रदीप त्यागी ने भविष्य में जयंत चौधरी के सम्मान में भी कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, मुकेश शास्त्री, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष विमल शर्मा, शिव कुमार राणा, रणवीर दहिया, नवाब लखवाया, आदेश फौजी, कुंवर मोहम्मद अली व अन्य लोग मौजूद रहे।