धामपुर के गांव अमखेड़ा शंजरपुर की खाली पड़ा पोल्ट्री फार्म।
- फोटो : DHAMPUR
अमखेड़ा में मिला बर्ड फ्लू, मुर्गी फार्म की चार हजार मुर्गियां मरीं
धामपुर(बिजनौर)। जिले के गांव अमखेड़ा निवासी मदनपाल के मुर्गी फार्म की पांच मुर्गियों के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई।इस फार्म में मुर्गियों के मरने के बाद फार्म संचालक ने सैंपल जांच के लिए भेजे थे।फार्म के एक किलोमीटर परिधि के क्षेत्र को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया गया है, यहां लोगों की आवाजाही और दस किलोमीटर के दायरे में चिकन व अंडे बेचने पर 21 दिन तक रोक लगा दी है।
इन सैंपलों के अलावा पशुपालन विभाग ने भी 309 सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले ही फार्म की सभी करीब चार हजार मुर्गियों को गड्ढ़ा खोदकर दबा दिया गया था। प्रशासन ने कर्मचारियों को 100 पीपीई किट व दस लीटर सैनिटाजर जारी कर दिया है। पोल्ट्री फार्म से करीब आधा किलोमीटर दूर एक अन्य फार्म में भी करीब सात हजार मुर्गियों को मारने की तैयारी शुरू हो गई है। तीन महीने तक जिले में बाहर से अंडा व चूजे लाने पर भी रोक लगाई गई है।