शाम पांच बजे फिर से आसमान पर काले बादल छाए और तेज बारिश हुई। करीब एक घंटा तेज बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, हालांकि बारिश बंद होने के दो घंटे बाद फिर से मौसम में गर्मी महसूस हुई। उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशान होना पड़ा।
मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश सुबह से लेकर शाम तक 4 मिमी दर्ज की गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना कि अभी मौसम में बिपरजॉय के चलते बदलाव आया हुआ है। जिस कारण से सोमवार को बारिश हुई है।
मेरठ का एक्यूआई 100 दर्ज किया
बारिश और हवाओं के चलते मेरठ और आसपास का एयर क्वालिटी इंडेक्स भी कम चल रहा है। इन दिनों में 200 से ऊपर पहुंचने वाला एक्यूआई अब 100 पर आ गया है। बागपत 88, गाजियाबाद 78, मुजफ्फरनगर 105 दर्ज किया। जबकि, जयभीमनगर 99, गंगानगर 102, पल्लवपुरम 100, बेगमपुल 110, दिल्ली रोड 117 दर्ज किया गया।