बिजनाार में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। ट्रक के अंदर मृतक की बाइक फंसी हुई थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। मृतक की पहचान लगभग दो घंटे बाद बाइक के नंबर के आधार पर हुई।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में चांदपुर धनौरा रोड पर गांव बागड़पुर व दरबाड़ा के बीच ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव तालिबपुर निवासी सतवीर पुत्र महेंद्र (30) बुधवार देर रात बाइक द्वारा चांदपुर से अपने गांव तालीबपुर जा रहा था। गांव बागड़पुर व दरबाड़ा के बीच ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि मृतक का दाहिना पैर कटकर 25 कदम दूर जा गिरा।
सूचना मिलते ही बमनपुरा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ओम शुक्ला व कांस्टेबल आदेश कुमार कांस्टेबल जितेंद्र शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और ट्रक को कब्जे में लिया। ट्रक के अंदर मृतक की बाइक फंसी हुई थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। मृतक की पहचान लगभग दो घंटे बाद बाइक के नंबर के आधार पर हुई। ट्रक का चालक फरार है। पुलिस ने ट्रक को मौके से लाकर थाने के सामने खड़ा कर दिया।