मेरठ में परतापुर पुलिस के हत्थे रविवार को ऐसा चोर चढ़ा जो तीस सेकेंड में बाइक चोरी कर उसे तीस मिनट में ठिकाने लगा देता था। थाने में उसने तीन मिनट में छह बाइकों के लॉक तोड़कर दिखाए तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। आरोपी ने बताया कि वह करीब तीन साल में मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में 250 से ज्यादा बाइक और स्कूटी चोरी कर चुका है। इन वाहनों को वह सोतीगंज के अलावा शहर में कई जगह चल रहे मिनी कमेलों में कबाड़ियों को बेच देता था।
इंस्पेक्टर परतापुर आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि इंद्रापुरम कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार की स्पेलेंडर बाइक उनके घर के बाहर खड़ी थी। तभी एक युवक वहां पहुंचा और बाइक का लॉक तोड़कर ले जाने लगा। अचानक घर के बाहर आए प्रदीप ने चोर को बाइक ले जाते देखा तो उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
बाद में बाइक चोर को पीटकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया चोर खरखौदा निवासी शाहरुख पुत्र शकील है। उसने पूछताछ में बताया कि सोतीगंज के अलावा ब्रह्मपुरी, टीपी नगर, परतापुर, कोतवाली, लिसाड़ी गेट, खरखौदा आदि थाना क्षेत्रों में वाहनों के मिनी कमेले चल रहे हैं।
जहां कबाड़ी चोरी की बाइक या स्कूटी को चार से पांच हजार में खरीदकर उसका तुरंत कटान कर देते हैं। कई वाहन उसने ऑन डिमांड भी चोरी किए। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए वाहनों को तलाश करने में लगी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/