सरधना। क्षेत्र के कालंदी नवादा गांव के पास बाइक व पिकअप की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कालंद गांव निवासी टीटू पुत्र सुकरम पाल, सोनू पुत्र राजेंद्र व अरविंद पुत्र राजू सोमवार की सुबह बाइक से कालंदी गांव में मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार कालंदी-नवादा मार्ग पर पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां अरविंद (30) की मौत हो गई। जबकि टीटू व सोनू को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने अरविंद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सड़क हादसे के दौरान चालक पिकअप गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहनों को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।