सरधना (मेरठ)। चौधरी चरण सिंह गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर कपसाड़ गांव के संपर्क मार्ग के पास बाइक पर सवार तीन युवकों ने स्टंट करते हुए आगे चल रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि स्टंटबाज बाइक सवार हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। राहगीर घायलों को सीएचसी सरधना लेकर पहुंचे, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कैफ पुत्र तैयब निवासी सियाल नंगला बिजनौर ने बताया कि वह दिल्ली में बेकरी का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को ईद होने कारण बुधवार की शाम वह दिल्ली से बड़े भाई शोएब के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर कपसाड़ गांव के संपर्क मार्ग के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवकों ने स्टंटबाजी करते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने घायलों को सरधना सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर शोएब (35) की मौत हो गई। बताया गया कि मृतक की एक साल पहले ही शादी हुई थी। घायल मोहम्मद कैफ ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि आरोपी बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। तहरीर के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।