पत्नी-बच्चों को ससुराल लेने जा रहे बाइक सवार की हाईवे पर मौत
कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में शोभापुर गांव के सामने शुक्रवार सुबह दिन निकलते ही सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी पहुंचाया।
सरधना थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी 36 वर्षीय राहुल काफी समय से परिवार के साथ कंकरखेड़ा के पावली खुर्द गांव में रह रहा था। परिजनों के अनुसार युवक की शादी परतापुर निवासी सरिता से हुई थी। युवक मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी और बच्चों को लेने के लिए ससुराल जा रहा था। हाईवे पर शोभापुर गांव के सामने हरिद्वार की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे युवक हाईवे पर जा गिरा। सड़क पर सिर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। वहीं आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चरी भिजवाया। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। कंकरखेड़ा कार्यवाहक थाना प्रभारी श्यौपाल सिंह का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।