रोहटा। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर रोहटा गांव के पास शुक्रवार देर रात रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार थिरौठ निवासी अमित (31) घायल हो गया। बाइक सवार युवक की शनिवार को उपचार के दौरान मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अमित पुत्र राजसिंह शुक्रवार देर रात मेरठ से बाइक से घर लौट रहा था। पूठखास गंगनहर पार कर दहिया धर्मकांटे के पास पहुंचते ही बड़ौत से मेरठ जा रही रोडवेज बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से अमित को मेरठ जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। यहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया। मृतक दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था।