मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मारकर युवती को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी ट्रक चालक फरार है।
पुलिस के अनुसार कंकरखेड़ा के ऋषिपुरम निवासी पारुल उर्फ शालू (21) पुत्री धनोतार सुबह में पड़ोसी अर्जुन पुत्र स्वर्गीय मुकेश के साथ किसी काम से बागपत रोड होते हुए माधवपुरम जा रही थी। उनकी बाइक टीपीनगर के शेखों पेट्रोल पंप के सामने पहुंची। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पारुल उर्फ शालू बीच सड़क पर जा गिरी और ट्रक का पिछला पहिया उसे रौंदता हुआ निकल गया। हालांकि अर्जुन सड़क के दूसरी तरफ गिरने से घायल हो गया। दुर्घटना देख लोगों ने शोर मचा दिया। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई। पारुल ने अस्पताल ले जाने से पहले ही मौके पर दम तोड़ दिया। लोगों का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस ने आनन-फानन में शव को मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं, घायल अर्जुन को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले आई। कुछ ही देर में पारुल के परिजन रोते बिलखते थाने पहुंचे और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी। सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय ने बताया कि हादसे की शिकार युवती के परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ट्रक के नंबर के जरिए उसकी तलाश की जा रही है।