युवक के पिता की तीन साल पहले हो चुकी है हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी सचिन पुत्र नेत्रपाल से सरधना जाते समय बदमाशों ने बाइक व पांच हजार रुपये की नकदी लूट ली। पीड़ित बाइक पर सरधना में ड्यूटी पर जा रहा था। सरूरपुर-सरधना की सीमा पर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सचिन ने तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह वह अपनी बाइक पर सवार होकर सरधना में ड्यूटी पर जा रहा था। वह भूनी चौराहे से आगे थाना सरधना की सीमा के पास पहुंचा तो अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक को रुकवाकर उससे कोर्ट के दस्तावेज मांगे। उसके द्वारा मना करने पर आरोपी उसकी बाइक व उसके पर्स में रखे पांच हजार रुपये लूटकर सरधना की ओर भाग गए।
बताया कि उसने वह बाइक फाइनेंस पर खरीदी थी। जिसकी सात किश्त जमा होनी बाकी है। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने व सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित का पिता गोशाला में चौकीदार थे, जिसकी तीन साल पहले बदमाशों ने हत्या कर दी थी।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि मामला फाइनेंस कंपनी से जुड़ा हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।