बाईपास स्थित बीकानेर होटल में एसओ पल्लवपुरम को निरीक्षण के दौरान खामियों का भंडार मिला। इमरजेंसी गेट जहां छोटा था, वहीं एग्जॉस्ट फेन भी बंद मिले। आग बुझाने के उपकरण खुले में पड़े मिले। होटल कर्मचारी इन उपकरणों को चलाने में भी चूक गए। एसओ पल्लवपुरम ने होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
गौरतलब है कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल की किचन में आग लग गई थी। आग का कारण इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा हीट होना बताया गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। एसओ सतेंद्र यादव के अनुसार मौके पर आग बुझाने के उपकरण खुले में पड़े थे। कर्मचारी भी उनको प्रयोग नहीं कर पाए।
किचन के पास ही कॉमर्शियल सिलेंडर रखे थे। यदि इनमें आग लग जाती तो बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था। एसओ के अनुसार किचन के पास ही कई टिन दूषित रसगुल्ले रखे मिले। इनमें मधुमक्खी और कीड़े भरे हुए थे। पुलिस को देखकर कर्मचारी इन्हें हटाने लगे थे। रसगुल्लों के अलावा अन्य खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग कराई जाएगी।