वन विभाग ने सदर बाजार में पंसारी की दुकान में छापेमारी कर गुरुवार रात पकड़े दोनों भाइयों के पास से वन्यजीवों के अंग बरामद किए हैं। दोनों के पास से दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीवों के अंग मिले हैं। दोनों आरोपियों को छुड़ाने के लिए नेताओं से लेकर मंत्रियों ने बहुत सिफारिश लगाईं, लेकिन मामला मीडिया में उजागर हो जाने के कारण दोनों भाइयों का चालान कर दिया गया। वन विभाग दोनों आरोपियों का चालान करके मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल ले गया तो वहां चिकित्सकों ने उन्हें बीमार बताते हुए भर्ती कर लिया। इस मामले में काफी देर तक जिला अस्पताल में हंगामा होता रहा।
गुरुवार रात वन विभाग की टीम ने सदर बाजार में छापा मारकर नरेंद्र कुमार पंसारी के दो बेटों शिवम व मोहित को दबोचा था। पुलिस ने बताया कि उनके दुकान से पटरा गोह (मोनिटर लिजर्ड) के पांच जननांग, दस नग कैटर पिलर व दो नगर सियार सिंगी मिले हैं। कैटर पिलर हिमाचल प्रदेश में मिलने वाली प्रजाति का है। यह दोनों जीव दुर्लभ प्रजाति के जीव में शामिल हैं। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन दोनों जीवों के अंगों को तंत्र क्रिया में इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा टीम ने दोनों भाइयों की निशानदेही पर 100 ग्राम पाउडर और बरामद किया है। इस पाउडर को दोनों भाई हाथी के दांत का पाउडर बताकर बेचते थे। यह पाउडर जांच के लिए लैब भिजवाया गया है।