प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिजनौर में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश सरकार पर मोदी ने जमकर तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि यूपी में गुंडाराज है, यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। गठबंधन पर कहा- ये गठबंधन सही नहीं है और इसका रिजल्ट बहुत जल्द ही सामने आ जाएगा। पीएम ने अपने भाषण की शुरुआत में बिजनौर के लोगों का रैली में भारी संख्या में पहुंचने को लेकर धन्यवाद दिया। मोदी के जाने के बाद अचानक वीएईपी गेट की दीवार गिर गई जिसमें तीन पुलिसकर्मी समेत एक अन्य दीवार के नीचे दब गए। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक महिला पुलिस कर्मी भी शामिल हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा गरीबों के विकास के लिए काम करती है। मोदी ने कहा कि बीजेपी नेताओं को यूपी में झूठे मामलों में जेलों में ठूंसा गया। यूपी में बीजेपी की आंधी चल रही है। यूपी के लोगों ने मुझे प्रधानमंत्री बनाया। पीएम ने कहा, लोगों को उम्मीद थी कि सपा सरकार आएगी तो मायावती के साथियों को सबक सिखाएगी, लेकिन अखिलेश जी ने तो उन्हें ऐसे पदों पर बिठा दिया जहां उन्होंने जनता को जमकर लूटा। लेकिन ये मामला जब केंद्र के पास आया तो हमने उनकी जांच कराई और उन्हें जेल भेजने का काम किया। गठबंधन पर मोदी ने कहा कि ये गठबंधन दो दलों का नहीं बल्कि दो परिवारों का गठबंधन है। सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये परिवार नहीं कुनबा है और इस कुनबे ने किसी का फायदा नहीं किया। राहुल गांधी के बयान पर चुटकी लेते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग तो यूपी में आलू की फैक्ट्री लगाने की बात करते है। कहा- फैक्ट्री में आलू बनाने वालों को कुछ पता नहीं। मोदी ने कहा कि हम किसानों के लिए फसल बीमा योजना लाए। यूपी सरकार गन्ना किसान विरोधी है। मुलायम के रेप वाले बयान पर बोले मोदी, कहा- ऐसी सोच पर शर्मिंदगी। मुलायम को माफी मांग लेनी चाहिए। मोदी ने कहा, 11 फरवरी को सपा का कच्चा चिठ्ठा खुलेगा।