बिजनौर में सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना मंडावर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद शकूरपुर निवासी जाहिद (32) व मंडावर निवासी उसका साथी उवैश बाइक से मंडावर से नहटौर स्थित एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मंगलवार की रात लौटते समय झालू-नहटौर मार्ग पर स्थित गांव सैदपुर के सामने पहुंचने पर किसी वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को उठाकर सीएचसी पर भर्ती कराकर मामले की सूचना पुलिस को दी।