बहसूमा क्षेत्र में सैफपुर गांव के पास शुक्रवार रात कार सवार चार बदमाशों ने हथियारों के बल पर बिजनौर के कपड़ा व्यापारी का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने व्यापारी के भतीजे और ड्राइवर को कार से फेंक दिया। बाद में व्यापारी के फोन से उनके भतीजे को कॉल कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। पैसा नहीं देने पर हत्या की धमकी दी। रात में पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी के लिए जंगल में छानबीन की तो बदमाश व्यापारी को छोड़कर फरार हो गए।
बिजनौर के नहटौर निवासी तौफीक पुत्र नफीसुल कपड़ा व्यापारी हैं। वह बाहर से कपड़ा लाकर नहटौर और आसपास के क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे व्यापारी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से अपने भतीजे मो. जैद और ड्राइवर पंकज के साथ दिल्ली में रिश्तेदारी में जा रहे थे। बहसूमा क्षेत्र में मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर स्थित सैफपुर के पास कार सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर तमंचे और पिस्टल के बल पर व्यापारी की कार रुकवा ली। इसके बाद बदमाशों ने तीनों का कार सहित अपहरण कर लिया। बाद में व्यापारी के भतीजे और ड्राइवर को रास्ते में फेंक दिया और कार को रामराज गंग नहर की पटरी पर छोड़ व्यापारी को अपने साथ ले गए। बाद में बदमाशों ने व्यापारी तौफीक के मोबाइल से भतीजे को फोन कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस पर पंकज और मो. जैद एक ट्रैक्टर ट्राली पर लिफ्ट लेकर मवाना थाने पहुंचे। वहां पुलिस को घटना की जानकारी दी। मवाना, बहसूमा, फलावदा, परीक्षितगढ़, इंचौली थाने की पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। साथ ही पूरे मामले की जानकारी एसपी देहात को दी।
सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मी
पुलिस बदमाशों का पीछा करती रही, लेकिन बदमाश लोकेशन बदलते रहे। बदमाशों और भतीजे के बीच हुई वार्ता के बाद फिरौती की रकम पहुंचाने के लिए निश्चित स्थान तय हुआ। बदमाशों की घेराबंदी के लिए व्यापारी के भतीजे और ड्राइवर के साथ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में पिस्टल लेकर तय स्थान पर पहुंचे। बाद में बदमाशों को शक हुआ तो वे शनिवार तड़के चार बजे परीक्षितगढ़ क्षेत्र के जंगल में व्यापारी को छोड़कर फरार हो गए। इंस्पेक्टर बहसूमा संजय शर्मा का कहना है तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
इंचौली क्षेत्र में बताया घटना स्थल
बदमाशों ने पहले व्यापारी के ड्राइवर पंकज को हाथ पैर बांधकर फेंका। उसके बाद व्यापारी के भतीजे जैद को। दोनों इतना घबरा गए थे कि पुलिस को घटना स्थल इंचौली क्षेत्र बताया। बाद में पुलिस ने जांच पड़ताल की तो घटना स्थल बहसूमा का निकला।