यूपी के बिजनौर जिले में एक हादसा हो गया। यहां कार और छोटा हाथी वाहन की भिड़ंत में कार सवार युवक की मौत हो गई। जबकि छोटा हाथी वाहन चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है।
मेरठ जनपद के दौराला निवासी अभिनव कुमार (31 वर्ष) कार से नांगल सोती स्थित अपनी किसी रिश्तेदारी में जा रहा था। गांव लायकुपरी के भट्टे के पास सामने से आते छोटा हाथी वाहन और कार आपस में टकरा गए। दोनों वाहनों में चीख पुकार मच गई। इस दुर्घटना में अभिनव की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घायलों को बामुश्किल वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार छोटा हाथी वाहन में बिजनौर के सर्वोदय कॉलोनी निवासी रिंकू, हर्ष, कुटिया कॉलोनी निवासी संजय कुमार, चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी मोनू वर्मा, मोहल्ला बाजा बजरिया निवासी आशीष कुमार सवार थे। ये सभी लोग क्षेत्र के गांव दयालवाला से दुर्गा जागरण कर लौट रहे थे।