महत्वपूर्ण है बाईपास
एसपी ट्रैफिक के अनुसार बिजली बंबा बाईपास काफी महत्वपूर्ण है। रोजाना सुबह सात बजे से रात्रि नौ बजे तक औसतन 40 हजार वाहन इस बाईपास से निकलते हैं। शाम के समय बाईपास पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ता है। कई बार वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या भी बनती है। ऐसे में दिन में बिजली बंबा बाईपास के बंद होने से इन चालीस हजार वाहनों का दबाव शहर के दूसरे प्रमुख मार्गों पर आएगा और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होगी। खासतौर से दिल्ली रोड से बेगमपुल, बेगमपुल से हापुड़ अड्डा चौराहा और हापुड़ अड्डा चौराहा से मेरठ-हापुड़ रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा।
दो दिन झेल चुके हैं भीषण जाम
दो माह पहले रेलवे के अधिकारियों ने बिजली बंबा बाईपास स्थित जुर्रानपुर फाटक पर काम किया था। दो दिन तक यह बाईपास बंद रहने से शहर को भीषण जाम झेलना पड़ा था।
रात के लिए निर्णय तीन को
एसपी ट्रैफिक का कहना है कि पत्र के अनुसार निर्माण कार्य सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। रात में ट्रैफिक चलेगा या नहीं, इसका निर्णय अधिकारियों से वार्ता कर लिया जाएगा।
डेढ़ करोड़ होंगे खजाने से खर्च
भले ही पीडब्लूडी के पास रोहटा रोड बनाने के लिए खजाना न हो। लेकिन विभाग बिजली बंबा बाईपास की सड़क बेहतर करने के लिए खजाने से डेढ़ करोड़ रुपये ज्यादा खर्च करेगा। दरअसल इस मार्ग पर 24 घंटे हल्के और भारी वाहन दौड़ते हैं। वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर भी कई बार प्रस्ताव तैयार हुए। लेकिन बजट प्रस्ताव पास नहीं हो पाया। मेरठ-बुलंदशहर और मेरठ-दिल्ली हाईवे पर कार्य के चलते शहर को जाम से बचाने के लिए पीडब्लूडी ने बिजली बंबा बाईपास की सड़क तैयार करने का निर्णय लिया है।
सोमवार से है निर्माण कार्य की तैयारी
सोमवार से सड़क बनाने का कार्य शुरू करने की तैयारी है। कार्य पूरा होने में करीब दस दिन लगेंगे। रात्रि में तापमान गिरने के कारण सड़क बनाने का काम दिन में ही किया जाना है। ट्रैफिक बंद रखने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक विभाग को पत्र लिखा गया है। - प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी
बाईपास के दोनों तरफ लगेगी ड्यूटी
पीडब्लूडी द्वारा बिजली बंबा बाईपास को नवीनीकरण के कार्य के लिए वाहनों को बंद करने के लिए कहा गया है। दोनों छोर पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगा दी जाएगी। - संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/