सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ मिली यूपी को जीत
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सोमवार को उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के बीच मुकाबला हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने 16 रन से मैच जीता। यूपी की ओर से मेरठ के समीर रिजवी ने बल्लेबाजी तो भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी में प्रभावित किया और टीम को जीत दिलाई।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए। पहले मैच की तरह यूपी की ओर से समीर रिजवी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 23 गेंद में 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसमें उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। सहारनपुर के प्रशांतवीर ने भी 23 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक की टीम 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 188 रन ही बना सकी। यूपी की ओर से गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन रहा। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर गेंदबाजी की और दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। प्रशांतवीर ने भी एक विकेट झटका। यूपी की टीम ने टूर्नामेंट में पहली जीत प्राप्त की।
पहले मैच में भी समीर रिजवी ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। दूसरे मैच में समीर की नाबाद पारी के लिए उन्हें कोच व उनके मामा तनकीब अख्तर ने भी बधाई दी।