मेरठ। शादी से ठीक दो दिन पहले भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया। टेस्ट मैच के लिए भुवी को मैन आफ द मैच चुना गया। शादी से पहले टेस्ट मैच में अच्छे प्रदर्शन से उनका परिवार और प्रशंसक बेहद खुश हैं। खास बात यह है 23 नवंबर को भुवनेश्वर अपनी बचपन की दोस्त नूपुर नागर के साथ शादी के बंधन में वाले हैं।
पढ़ें : भुवी की शादी में नजर आएंगे सीएम और डिप्टी सीएम, दिया न्यौता
श्रीलंका की टीम इन दिनों भारत दौरे पर है। कोलकाता के ईडन गार्डन में हुए सिरीज के पहले टेस्ट मैच में भुवनेश्वर ने दोनों पारियों में 38 ओवर में 13 मेडन, 88 रन देकर आठ विकेट झटके। भुवनेश्वर की अच्छी गेंदबाजी से मैच ड्रा हो गया। पिता किरनपाल सिंह ने बताया कि शादी से पहले भुवनेश्वर के प्रदर्शन से शादी की खुशी दोगुनी हो गई है। इससे परिवार के लोग शादी से पहले ही जश्न के मूड में आ गए हैं। सोमवार शाम भुवी के पिता किरनपाल गंगानगर स्थित आवास के बाहर बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। मंगलवार को भुवी और नूपुर की सगाई होगी। जबकि बुधवार को गढ़ रोड स्थित होटल ब्राड-वे-इन में महिला संगीत के साथ अन्य रस्में होनी हैं। नूपुर नागर रविवार को परिवार के बीच मौजूद रहीं। सोमवार को वो अपनी मम्मी कमलेश के साथ नोएडा के लिए रवाना हो गईं। नूपुर शादी से एक दिन पहले मेरठ आएंगी।