भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदेश में बहुजन समाज के लोगों के खिलाफ हो रही आपराधिक घटनाओं पर रोष जताया। ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की गई।
बता दें कि सोमवार को भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में कहा कि उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं।
आरोप है कि लोकसभा चुनाव के बाद द्वेषपूर्ण भाव से बहुजन समाज का शोषण किया जा रहा है। जनपद अमरोहा में अनुसूचित जाति की बरात में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के गाने बजाने का विरोध हुआ और पुलिस ने बरातियों के खिलाफ ही कार्रवाई कर दी। वहीं आगरा में यूपी बार काउंसिल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष दरवेश यादव की हत्या कर दी गई। हाल ही में पूर्वांचल में बसपा नेता की हत्या कर दी गई।
इसके अलावा अलीगढ़ में दो वर्षीय बच्ची की हत्या हुई, सुल्तानपुर में रविंद्र यादव की निर्मम हत्या हुई। आरोप लगाया कि एससी, एसटी वर्ग के कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है और पुलिस उनकी आवाज दबाने का कार्य कर रही है। इन मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की गई। इस दौरान डॉ. रोहित राज गौतम, प्रवीण गौतम, सुंदर लाल, राजेश मैनवाल, संदीप, नीटू गौतम, वसीम मलिक, एहतराम कुरैशी, सचिन गौतम, महताब आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/