मवाना। भाकियू (अराजनैतिक) कार्यकर्ताओं ने अभद्रता एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में थाने में धरना दिया। उन्होंने थाना प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस क्षेत्राधिकारी के आश्वासन पर मामला शांत हुआ और धरना समाप्त किया गया। बाद में तहसील में जाकर भी सांकेतिक धरना देकर किसानों की समस्याओं के संबंध में डीएम को ज्ञापन दिया गया।
गांव कौल में दो भाइयों के खिलाफ गाली गलौच करने, जान से मारने की धमकी देने, तमंचा लेकर पीछा करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। भाकियू (अराजनैतिक) युवा जिला अध्यक्ष आकाश सिरोही व जिला प्रवक्ता कालू प्रधान साथ कार्यकर्ता थाने पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने केस खत्म कराने की मांग की। सूचना पर सीओ अभिषेक पटेल थाने पर पहुंचे और मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाने से धरना समाप्त कार्यकर्ता तहसील में पहुंचे और सांकेतिक धरना देने के बाद डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें आवारा पशुओं का समाधान करने, बिजली की समस्याओं का समाधान करने, रजबहे चलाने, प्राकृतिक आपदा से नुकसान से राहत दिलाने सहित अन्य मांगें उठाई गईं। प्रदर्शन करने वालों में आकाश सिरोही, सोहित चौधरी, अभिलाष हुड्डा, बिट्टू, नीरज राठी, विशेष प्रधान, विशाल राणा, शोभित चौहान, शिवा, मनजीत, हर्ष, मनोज, प्रतीक सागर, सनी, अनुज, अंकित चौहान, मुस्तकीम, आकाश, जीत खान सहित अन्य शामिल रहे।