सरधना। भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज त्यागी और संचालन जिला अध्यक्ष निखिल राव ने किया।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि सरधना नगर और देहात में ऊर्जा निगम द्वारा अवैध बिजली का बिल और खराब मीटर की समस्या चल रही है। इससे किसान और मजदूर बिजली विभाग द्वारा बेहद आहत हो रहे हैं। ग्राम पंचायत टेहरकी और नगर के मंडी चमारान में खराब रास्ते को लेकर एसडीएम सरधना और एसडीओ ऊर्जा निगम को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष निखिल राव ने कहा कि सरकारी विभाग का रवैया किसान-मजदूरों के लिए ठीक नहीं है। किसान और मजदूर सरकारी विभागों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई भी सरकारी कर्मचारी बात सुनने को तैयार नहीं है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष निखिल राव ने एसडीएम और एसडीओ सिटी के आश्वासन पर ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया। साथ ही कहा कि अगर इन मामलों में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में मजहर सैफी, सोनू अब्बासी, मुजाहिद खान, सुमित त्यागी, भोलू त्यागी, सहदेव पाल, मनीष पाल, अमित भड़ाना, सोनी खान, पिंकी पूनिया, कोमल, रुखसार, भूरी, रहीश चौधरी, जिनेंद्र, भोलू भूनी व अन्य संगठन साथी मौजूद रहे।