मेरठ। भाकियू भानु के प्रदेशाध्यक्ष नौशाद चौधरी को गांव युवक ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पर हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालने का भी आरोप है। उसके खिलाफ 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। भाकियू प्रदेशाध्यक्ष ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मुंडाली थाना क्षेत्र के सफियाबाद लौटी निवासी नौशाद चौधरी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक युवक गांव में गुंडागर्दी करता है। विरोध करने पर उसने मई माह में उन पर हमला कराया था। इसमें कई आरोपी जेल गए, लेकिन हमलावर खुला घूम रहा है। वह उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो वायरल कर दहशत फैलाता है। उसके खिलाफ कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।