एनएच-58 हाईवे पर बुधवार (आज) से भारी वाहन नहीं चलेंगे। गाजियाबाद और दिल्ली जाने के लिए भारी वाहनों को वाया हापुड़ से आना-जाना होगा। हाईवे पूर्णत: बंद मुजफ्फरनगर, मेरठ व फिर गाजियाबाद जनपद में होगा। मुजफ्फरनगर में दो, मेरठ में चार गाजियाबाद में छह अगस्त की रात से हाईवे बंद करने की बात कहीं है।
दिल्ली-मेरठ हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या देखते मंगलवार को मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद जनपद पुलिस ने भारी वाहन बंद करने पर मंथन किया। बुधवार सुबह आठ बजे से भारी वाहनों को रूट दूसरा होगा। हाईवे पर भारी वाहन नहीं चलेंगे। दिल्ली-गाजियाबाद आने जाने वाले भारी वाहनों का रूट से पिलखुवा-हापुड़ होते हुए मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार जाना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान करीब एक सप्ताह पहले ही तैयार कर लिया था। इसके लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। दस अगस्त तक दिल्ली-गाजियाबाद से मेरठ रोड पर ट्रक और अन्य भारी वाहन नहीं चलेंगे।
इन मार्गों से चलेंगे भारी वाहन
दिल्ली से मेरठ, हरिद्वार आने जाने वाले भारी वाहन मुरादनगर-मोदीनगर की बजाय पिलखुवा, हापुड़ होते हुए जाएंगे। लोनी की ओर से सहारनपुर जाने वाले भारी वाहन वजीराबाद, सोनीपत और करनाल होते हुए जाएंगे। आनंद विहार, यूपी गेट और ज्ञानी बार्डर से गाजियाबाद आने जाने वाले भारी वाहन एनएच-24 होकर पहुंचेंगे। दिल्ली-मथुरा-बदरपुर से दिल्ली होकर बुलंदशहर जाने वाले वाहन गाजियाबाद नहीं आएंगे। यह वाहन बजाय ओखला बैराज, डीएनडी पुल होकर सिकंदराबाद और बुलंदशहर पहुंचेंगे। इसी रूट से वाहन वापस आएंगे। लोनी से गाजियाबाद आने वाले भारी वाहन भोपुरा बार्डर से सीमापुरी, आनंद विहार के रास्ते एनएच-24 जाएंगे। गाजियाबाद से मोदीनगर जाने वाले भारी वाहन पिलखुवा से अव्वलपुर, फरीदपुर होते हुए जाएंगे। गाजियाबाद से मुरादनगर जाने वाले वाहन पिलखुवा से कन्नौजा, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री होते हुए मुरादनगर जाएंगे। रोडवेज बसों को डासना तिराहा से गाजियाबाद में एंट्री नहीं मिलेगी। एनएच-24 से वह यूपी गेट जाएंगी। मुरादनगर से टीला मोड़ के बीच भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से भारी वाहन दुहाई पर नहीं उतर सकेंगे। यह डासना पर उतर पाएंगे।
एनएचएआई ने डायवर्जन पर दी सहमति
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से दुहाई गाजियाबाद में उतरने वाले भारी वाहन बुधवार से नहीं उतर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस डायवर्जन के चलते एक्सप्रेस-वे के दुहाई पर एग्जिट प्वाइंट को बंद कर देगी। इसके लिए एसपी ट्रैफिक की ओर से एनएचएआई को पत्र भेजा गया था। वहां से सहमति मिल गई है। अब दुहाई में उतरने वाले भारी वाहन एक्सप्रेस-वे से डासना में उतरेंगे।