बेटे की बर्थडे पार्टी में व्यापारी का रिवाल्वर पर डिस्को
- वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने रिवाल्वर जमा कराई
- व्यापारी के दोस्त भी बंदूक और तलवार के साथ डांस करते आए नजर
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। हैंडलूम व्यापारी को अपने बेटे के बर्थडे पर रिवाल्वर पर डिस्को करना भारी पड़ गया। हरियाणा की डांसर सपना चौधरी के गाने पर रिवाल्वर लहराकर डांस करने का वीडियो पांच दिन बाद वायरल हो गया।
पुलिस ने व्यापारी को थाने में बुला लिया और उसकी रिवाल्वर जमा कर ली। वीडियो में व्यापारी के दोस्त भी डांस कर रहे हैं। इनमें एक के पास बंदूक और दूसरे के पास तलवार नजर आ रही है। इनकी भी जांच की जा रही है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-13 निवासी पंकज नारंग के बेटे निखिल नारंग का 15 फरवरी को बर्थडे था। पंकज नारंग हैंडलूम व्यापारी हैं और उसकी दुकान शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट और हापुड़ अड्डा स्थित भगत सिंह मार्केट में भी है। शनिवार को सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। वीडियो में पंकज नारंग और उसके दोस्त डांस कर रहे हैं।
वीडियो में पंकज के हाथ में रिवाल्वर है और उनके दोस्त अरबाज पठान के पास बंदूक है। यह बंदूक ईयर गन बताई जा रही है। तीसरे दोस्त तलवार लेकर डांस करते दिख रहे हैं। इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा ने व्यापारी को थाने में बुला लिया। इसमें पता चला कि बर्थडे पार्टी घर पर ही मनाई जा रही थी। इसमें हथियारों को लहराकर डांस किया जा रहा था। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि वीडियो के आधार पर पहचान हुई है। फिलहाल पंकज नारंग की लाइसेंसी रिवाल्वर पुलिस ने कब्जे में ले ली। मामले की जांच अभी जारी है।