दिल्ली रोड पर रिठानी में बुधवार शाम बड़ा हादसा होने से बच गया। भैसाली डिपो की बेकाबू बस दो बाइकों और एक कार को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से जा टकराई। बाइक सवार चार युवक घायल हो गए तो बाइक और कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं। बस भी पलटने से बची। पुलिस के अनुसार चालक बस से नियंत्रण खो बैठा था, जिसे हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार बस भैसाली से कश्मीरी गेट दिल्ली जा रही थी। रिठानी में पीर के पास चालक ने बस से कंट्रोल खो दिया। इस दौरान बस की चपेट में दो बाइक और एक स्विफ्ट कार आ गई। दोनों बाइकों पर सवार राममेहर, ललित अग्रवाल, मोहित व राकेश घायल हो गए। कार चालक युवक भी मामूली रूप से चोटिल हो गया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में भी अफरातफरी मच गई। कुछ यात्री चोटिल भी हुए। आसपास के लोगों ने चारों घायलों को एंबुलेंस से निजी अस्पताल भिजवाया। वहीं बस चालक की भी पिटाई कर दी गई। इस दौरान बस का परिचालक वहां से भाग निकला।
दिल्ली रोड हुई जाम
इस हादसे के बाद दिल्ली रोड पर वाहनों की दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेते हुए जाम खुलवाया। इंस्पेक्टर परतापुर रघुराज सिंह ने बताया कि चालक बस से नियंत्रण खो बैठा था, जिस वजह से हादसा हुआ था। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।