सरधना। सरधना थाना क्षेत्र में नानू पुल के पास बिस्किट से लदे ट्रक की वैगनार कार में साइड लग गई। चालक का आरोप है कि कार सवार लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दस हजार की नकदी, मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित ने सरधना थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं नंबर के आधार पर पुलिस ने कार मालिक की पहचान कर ली है।
जौनपुर निवासी प्रदीप पुत्र छोटेलाल ट्रक चालक है। वह दो दिन पूर्व गाजियाबाद से ट्रक में बिस्किट लेकर पंजाब के लिए निकला था। बुधवार रात गंगनहर पटरी पर नानू पुल के निकट पहुंचा। तभी गड्ढे से बचने के चक्कर में आगे चल रही कार में साइड लग गई। कार सवार लोगों ने ट्रक रुकवा लिया और प्रदीप की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि उससे 10 हजार की नकदी व मोबाइल छीन लिया। भीड़ जुटते देख आरोपी कार सहित फरार हो गए। जानकारी पर थाना पुलिस पहुंची। ट्रक चालक द्वारा बताए कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। फोन कर पुलिस ने आरोपियों को थाने बुलाया। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक के मुताबिक कार मालिक का नंबर के आधार पर पता कर लिया गया है उसे थाने बुलाया है। वहीं ट्रक चालक ने रुपये व मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। अगर कार मालिक थाने नहीं आता है तो मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।