उत्तराखंड से आई बरात में चढ़त की रस्म के दौरान बाइक की साइड लगने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद दूसरे वर्ग के युवकों ने बरात पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बरातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
मुजफ्फरनगर में कस्बा निवासी युवती की मंगलवार को उत्तराखंड के गांव लखनोता से बरात आई थी। दोपहर बाद कस्बे में बरात की चढ़त रस्म चल रही थी, जिसमें डीजे की धुन पर बराती नाच-गा रहे थे। इसी दौरान दूसरे वर्ग के एक बाइक सवार ने बरात में बाइक घुसा दी, जिसकी साइड लगने पर बरातियों से उसकी कहासुनी हो गई, लेकिन कुछ लोगों ने मामले में बीच-बचाव करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद दूसरे वर्ग के कई युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और बरातियों पर हमला कर दिया, जिससे हड़कंप मच गया। हमले में कई बराती भी घायल हो गए।
वहीं, दोनों वर्गों के बीच तनाव की भी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हमले में घायल बरातियों ने प्राइवेट स्तर पर डॉक्टरी कराई है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशबीर सिंह का कहना है कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन न तो कोई वहां मिला और न ही किसी तरह की तहरीर दी गई है। तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/