गांठ है और दर्द नहीं तो हो जाएं सावधान
मेरठ। अगर बच्चे के शरीर में गांठ है और उसमें दर्द नहीं हो रहा है तो सावधान हो जाएं। इसकी जांच कराएं। यह कैंसर हो सकता है। इसमें लापरवाही न बरतें। अगर शुरू में ही उसका इलाज शुरू किया जाए तो उस पर विजय प्राप्त की जा सकती है।
रविवार को मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स और चेंज फॉर चाइल्डहुड कैंसर इन इंडिया के सहयोग से पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी विषय पर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों ने बच्चों में बढ़ रहे कैंसर के कारणों और इलाज पर चर्चा की। बताया गया कि कारणों पर तो रिसर्च जारी है। अलग-अलग कारण हो सकते हैं। तुरंत जांच और इलाज महत्वपूर्ण है। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नीता राधा कृष्णन, डॉ. अमिता महाजन और डॉ. अमिताभ सिंह ने बाल्यकाल में होने वाले कैंसर के मूल्यांकन और इलाज के संदर्भ में प्रदेश के विभिन्न जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, डॉ. अर्चना दूबे, डॉ. विजय जायसवाल और डॉ. नवरत्न गुप्ता और डॉ. धीरज राज बालियान मौजूद रहे।