बीडीओ ने 50-60 लोगों के खिलाफ दी तहरीर
सरधना। बीडीओ सरधना ने संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में मतगणना के दौरान हुई अभद्रता के विरोध में 50-60 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
सरधना ब्लॉक की संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में 2 मई को मतगणना शुरू हुई थी। तीन मई को मतगणना के दौरान कुछ प्रधान पद, ग्राम पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव परिणाम की घोषणा में देरी होती रही। इसी बीच निर्वाचन अधिकारी कुमार अरविंद वहां से अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर चले गए। नंगला ऑर्डर के प्रधान पद के प्रत्याशी सीताराम, अकलपुरा रार्धना से एक क्षेत्र पंचायत पद के प्रत्याशी ने मतगणना में धांधली का आरोप लगा हंगामा किया। जिला पंचायत के वार्ड दस से भी चुनाव परिणाम घोषित नहीं होने पर बसपा प्रत्याशी अश्वनी शर्मा के समर्थकों ने भी परिणाम घोषित करने की मांग की लेकिन निर्वाचन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सके। निर्वाचन अधिकारी के मतगणना स्थल पर पहुंचने से पूर्व ही मतपेटी डीसीएम में रखकर चलने की तैयारी कर दी गई। जिसको लेकर अश्वनी शर्मा की पत्नी, पिता, भाई व बेटी के साथ अन्य परिजन व कुछ लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। निर्वाचन अधिकारी के मतगणना स्थल पर नहीं पहुंचने व पुलिस के द्वारा की जाने वाली सख्ती के बीच भीड़ ने बीडीओ को घेर लिया। एसडीएम अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। मामले में बीडीओ ने शुक्रवार को 50-60 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
जांच कराई जा रही है
खंड विकास अधिकारी सुनीत कुमार भाटी द्वारा जो तहरीर दी गई है, उसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही मामले में लिखापढ़ी कराई जाएगी। - समर बहादुर थानाध्यक्ष सरधना
थानाध्यक्ष की मौजूदगी में हुई थी अभद्रता
मतगणना स्थल पर तमाम अधिकारियों व थानाध्यक्ष की मौजूदगी में स्टाफ के साथ अभद्रता की गई थी। सरकारी मतगतणना रिकॉर्ड को नष्ट करने का प्रयास किया गया। 5 मई को गई तहरीर पर 7 मई तक भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। सुनित कुमार भाटी, खंड विकास अधिकारी सरधना