सरधना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरूरपुर पर तैनात बीसीपीएम (ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर) पर आशाओं ने खाली शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है।
सरूरपुर सीएचसी तैनात बीसीपीएम मीनू चौधरी पर आशाओं ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर सीएमओ और सीएचसी प्रभारी से शिकायत की थी। इस दौरान बीसीपीएम आशाओं पर लगातार समझौते का दबाव बना रही है। आशाओं का कहना है कि बीसीपीएम बाउचर जमा करने के नाम पर अवैध वसूली करती है। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमर सिंह व सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन से शिकायत कर बीसीपीएम को हटाने की मांग की थी। एक सप्ताह बीतने के बाद भी आरोपी के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि बीसीपीएम ने मंगलवार को आशाओं को बैठक के नाम पर सीएचसी पर बुलाया। इस दौरान उन्होंने बैठक का हवाला देकर शिकायत करने वाली आशाओं से खाली शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए। इस संबंध में सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि सरूरपुर सीएचसी पर तैनात बीसीपीएम पर कई गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।