दिनभर गर्मी के बाद शाम को आई आंधी और बारिश ने राहत दिला दी। मोदीपुरम क्षेत्र में कई जगह ओले भी पड़े। वहीं आंधी से होर्डिंग्स उड़ गए और बैनर फट गए। दिन में अंधेरा छाने के कारण वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी।
दो दिन पहले दिन का तापमान अचानक से 43 डिग्री को पार कर गया था। बुधवार सुबह से गर्मी ज्यादा थी। करीब साढ़े तीन बजे अचानक मौसम बदला और देखते ही देखते बादल छा गए। थोड़ी ही देर में आंधी आ गई। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
इसके बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। शहर में बारिश हल्की रही। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 45 और न्यूनतम 34 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी दो दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। आंधी के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
फसलों के लिए अच्छी है बारिश
कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. आर एस सेंगर का कहना है कि इस समय फसलों को सिंचाई की आवश्यकता है। ऐसे में बारिश का होना अच्छा है। किसान ईख और चारा बुवाई की तैयारी में है।
बारिश ने गुल की शहर की बत्ती
दिनभर गर्मी के बाद बुधवार शाम को हुई तेज बारिश ने शहर की बत्ती गुल कर दी। कई जगह फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। काफी देर बाद फाल्ट होने के बाद बिजली मिल सकी।
बुधवार शाम करीब चार बजे शहर में हुई बारिश ने बिजली व्यवस्था पटरी से उतार दी। लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, विकासपुरी, टाउन हाल, पीएल शर्मा, लेडिज पार्क, एमईएस, पुराना आरटीओ, नौचंदी, माधवपुरम, शारदा रोड, गंगानगर और बेगमपुल आदि बिजलीघर क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई।
बारिश के बाद लाइन में हुए माइनर फाल्ट को ढूंढने में पेट्रोल मैन को मशक्कत करनी पड़ी। इसके चलते ही फाल्ट देरी से अटैंड हो सके। गंगानगर बिजलीघर पर जाने वाली 33 केवी लाइन में फाल्ट होेने से पांच घंटे बिजली गुल रही। यही हाल पुराने आरटीओ की लाइन का भी रहा।
लाइन में फाल्ट होेने पर रोहटा रोड, रेलवे रोड, पूर्वा महावीर, केसरगंज और महताब सिनेमा क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहा। लेेडिज पार्क और पीएल शर्मा बिजलीघर क्षेत्र के खैरनगर, छतरी वाला पीर, जली कोठी आदि इलाके में भी बिजली प्रभावित रही।
लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड और विकासपुरी क्षेत्र में भी कई घंटे बाद बिजली आपूर्ति हुई। अधिकारियों ने बताया कि बारिश में जंफर उड़ने के चलते बिजली गुल हुई।