बड़ौत के हिलवाड़ी प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 में शिक्षामित्र विमलेश ने दो शिक्षिकाओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मेडिकल कराया और जांच शुरू कर दी।
बागपत के बड़ौत क्षेत्र के हिलवाड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 में शिक्षामित्र विमलेश के साथ मारपीट का आरोप लगा है। शनिवार को कार्रवाई की मांग को लेकर वह साथी शिक्षकों के साथ कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को शिकायत दी। विमलेश ने विद्यालय में तैनात दो शिक्षिकाओं पर अलग-अलग आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन
काम के दौरान मारपीट का आरोप
विमलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को विद्यालय में कार्य के दौरान एक शिक्षिका ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र सीमा ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
आरोप है कि इसके बाद विद्यालय में तैनात दूसरी शिक्षिका ने भी विमलेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य शिक्षकों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
साथी शिक्षकों के साथ पहुंचीं कोतवाली
घटना के बाद विमलेश साथी शिक्षकों को साथ लेकर बड़ौत कोतवाली पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनकी शिकायत लेने के बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा।
विज्ञापन
जांच के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।