संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर सरधना तहसील में चुनावी माहौल गरमा गया है। मतदान तिथि नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। अधिवक्ताओं को अपने पक्ष में करने के लिए दावेदार लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।
मंगलवार को विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने चेंबर से लेकर अधिवक्ताओं के आवास तक पहुंचकर समर्थन मांगा। प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क पर विशेष जोर दे रहे हैं ताकि अधिक से अधिक वोट अपने पक्ष में किए जा सकें। महामंत्री पद के प्रत्याशी संजीव पंवार ने अपनी टीम के साथ तहसील परिसर में व्यापक जनसंपर्क किया। उन्होंने अधिवक्ताओं से मुलाकात कर अपनी प्राथमिकताएं बताईं और समर्थन देने की अपील की। उनके समर्थन में कई अधिवक्ताओं ने सकारात्मक रुख भी दिखाया।
सरगर्मियों के बीच तहसील परिसर में पूरे दिन चुनावी का माहौल बना रहा। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रणनीति बनाने में भी जुटे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान विक्रम सिंह त्यागी, मोहम्मद दीन, जगपाल सिंह सोम, नवनीत कुमार गौतम, प्रशांत त्यागी, मनीष कुमार, अशोक कुमार गोयल, सऊद, लईक, विरेंद्र सैनी, राकेश त्यागी और मलखान सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे। बार एसोसिएशन चुनाव के लिए 28 मार्च को मतदान होगा, जिसके तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।